देहरादून में दिनदहाड़े सनसनीखेज हत्या, इलाके में दहशत
Dehradun Crime News: राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीकांड की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां टेनिस खिलाड़ी और कारोबारी अर्जुन शर्मा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत फैल गई और दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हत्या से पहले आरोपी बेहद शांत और बेखौफ नजर आए। बताया गया कि आरोपी तिब्बती मार्केट से कुछ दूरी पहले एक दुकान के बाहर खड़े होकर सिगरेट पीते रहे। वे काफी देर तक वहीं मौजूद रहे और अर्जुन के बाहर आने का इंतजार करते रहे।
टेनिस खेलकर लौटे थे अर्जुन, फल लेते समय मारी गोली
जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा टेनिस खेलकर परेड ग्राउंड से बाहर निकले थे। उन्होंने पहले अपनी कार में टेनिस किटबैग रखा और इसके बाद पास ही फल खरीदने चले गए। फल लेकर जैसे ही वे लौट रहे थे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने बेहद नजदीक से उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही अर्जुन जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीने में लगी गोली, एक ही फायर की आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाशों ने सीधा अर्जुन के सीने को निशाना बनाया। मौके पर सिर्फ एक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। हमलावरों और अर्जुन के बीच दूरी बहुत कम थी। प्रारंभिक जांच में देसी तमंचे से गोली चलाए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी तकनीकी और फॉरेंसिक पहलुओं की जांच कर रही है।
पत्नी की तहरीर पर चार नामजद, मुकदमा दर्ज
मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में सास बीना शर्मा, सास के साथी कारोबारी विनोद उनियाल, विनोद की पत्नी संगीता उनियाल और एसके मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉ. अजय खन्ना को नामजद किया गया है। सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
खून से सने अनानास बने खौफनाक सबूत
हत्या तिब्बती मार्केट के गेट नंबर सात और आठ के बीच हुई। फॉरेंसिक टीम के पहुंचने तक सड़क पर कटे हुए अनानास के टुकड़े खून से सने पड़े रहे। फल विक्रेता ने बताया कि अर्जुन ने अनानास खरीदते समय मोलभाव भी किया था और कहा था कि “रोज तुमसे ही फल खरीदूंगा, सही दाम लगा दो।”
खेलों के शौकीन थे अर्जुन
अर्जुन शर्मा को खेलों का खासा शौक था। वे टेनिस के नियमित खिलाड़ी थे और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुके थे। घटना के वक्त उनकी कार की पिछली सीट पर टेनिस का किटबैग रखा हुआ था।
स्कूटी से भागे बदमाश, CCTV खंगाल रही पुलिस
हत्या के बाद आरोपी करीब 250 मीटर दूर बुद्धा चौक की ओर भागे। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो बदमाश वारदात के तुरंत बाद उसी दिशा में जाते दिखाई दे रहे हैं। आगे वे किस ओर गए, इसका पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गोलीकांड के बाद बाजार में पसरा सन्नाटा
घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई, जब तिब्बती मार्केट में दुकानें खुलनी शुरू हो रही थीं। गोली चलने की सूचना मिलते ही दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और अधिकतर दुकानों के शटर गिरा दिए गए। पुलिस के पहुंचने पर भीड़ तितर-बितर हो गई, जबकि दुकानों के भीतर मौजूद लोग जालियों के पीछे से पूरा मंजर देखते रहे। उनके चेहरों पर खौफ साफ नजर आ रहा था।
फिलहाल पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।