कपकोट के रिखाड़ी बैंड में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी बोलेरो
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खलझूनी की ओर जा रही एक बोलेरो वाहन रिखाड़ी बैंड के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन रिखाड़ी बैंड के समीप पहुंचते ही चालक संतुलन खो बैठा, जिससे बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव अभियान शुरू किया।
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं में से एक की पहचान पानुली देवी के रूप में हुई है। दूसरी महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं दुर्घटना में घायल पांच लोगों को खाई से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया। बचाव दल घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाने में जुटा हुआ है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।