Sunday, October 25, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
HomeनेशनलBJP President Election: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया शुरू, नितिन नबीन ने...

BJP President Election: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया शुरू, नितिन नबीन ने दाखिल किया नामांकन, निर्विरोध चुने जाने के संकेत

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इस क्रम में पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के साथ ही वरिष्ठ नेताओं ने निर्वाचन मंडल को अपने-अपने समर्थन पत्र सौंपे, जिससे चुनाव प्रक्रिया को गति मिली है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन की उम्मीदवारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का समर्थन प्राप्त है। समर्थन पत्र जमा होने के बाद यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि पार्टी नेतृत्व इस पद के लिए नितिन नबीन पर भरोसा जता रहा है।

निर्विरोध चुने जाने की प्रबल संभावना

भाजपा सूत्रों का कहना है कि नितिन नबीन का पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। यदि नामांकन अवधि के दौरान कोई अन्य उम्मीदवार सामने नहीं आता है, तो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

चुनाव कार्यक्रम की पूरी टाइमलाइन

घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार—

  • दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक: नामांकन दाखिल किए गए

  • शाम 4 बजे से 5 बजे तक: नामांकन पत्रों की जांच

  • शाम 5 बजे से 6 बजे तक: नामांकन वापसी की प्रक्रिया

  • मंगलवार: नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा

हालांकि, यदि आवश्यकता पड़ी तो 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

कैसे होता है भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव?

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद और विभिन्न राज्य परिषदों के प्रतिनिधियों से बने निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी पार्टी का राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी करता है।
पार्टी संविधान के अनुसार, किसी उम्मीदवार के प्रस्ताव के लिए—

  • किसी राज्य के निर्वाचक मंडल के कम से कम 20 सदस्यों का समर्थन जरूरी होता है।

  • उम्मीदवार को पार्टी का कम से कम चार कार्यकाल तक सक्रिय सदस्य होना चाहिए।

  • पार्टी सदस्यता के 15 वर्ष पूरे होना अनिवार्य है।

  • प्रस्ताव कम से कम पांच राज्यों से आना चाहिए, जहां राष्ट्रीय परिषद के चुनाव पहले ही संपन्न हो चुके हों।

कल होगा शपथ ग्रहण समारोह

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन कल सुबह 11:30 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री मौजूद रहेंगे।

कौन हैं नितिन नबीन?

नितिन नबीन बिहार के वरिष्ठ और अनुभवी नेता माने जाते हैं। वे बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। वर्ष 2006 में उन्होंने पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पहली बार बिहार विधानसभा में प्रवेश किया था। हाल ही में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और अब वे पार्टी की कमान राष्ट्रीय स्तर पर संभालने जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments