हल्द्वानी। राष्ट्रमंडल खेल में आखिरी दिन भारत की झोली में 20वां गोल्ड लाने वाले शटलर लक्ष्य सेन की जीत का जश्न उनके बचीनगर कमलुवागांजा स्थित ननिहाल में सबने मिलकर मनाया। कॉमनवेल्थ गेम्स में जाने से पहले लक्ष्य सेन कुछ महीने पहले अपनी ननिहाल आए थे और अपने चारों मामा के साथ समय बिताया था। मामा कुंदन क्वीरा, नवीन क्वीरा, हेमू क्वीरा और संजीव क्वीरा ने कहा कि लक्ष्य सेन ने उत्तराखंड ही नहीं पूरे देश का नाम रोशन किया है। पूरा यकीन है कि लक्ष्य ओलंपिक में भी गोल्ड मेडल लाकर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।
इधर, लक्ष्य सेन की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय युवा भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री विपिन पांडेय के नेतृत्व में मामा कुंदन क्वीरा के आवास पर पहुंचे मिष्ठान वितरण कर परिवार के सदस्यों के साथ खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर मनीष क्वीरा, नवल जोशी, दिग्विजय सिंह क्वीरा, भीम बिष्ट, मनोज पांडे, विशाल जोशी, खुशाल क्वीरा, महेश बिष्ट, हरीश पाण्डे, मोहित शाह, विकास क्वीरा समेत कई लोग मौजूद रहे। इधर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भी लक्ष्य की उपलब्धि को देश और प्रदेश को गौरवान्वित करने वाला पल बताया है।
लक्ष्य के ननिहाल में भी मनाया जश्न
RELATED ARTICLES