Wednesday, November 11, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डक्रिसमस और थर्टी फर्स्ट के जश्न को कौसानी तैयार, सैलानियों का अब...

क्रिसमस और थर्टी फर्स्ट के जश्न को कौसानी तैयार, सैलानियों का अब भी इंतजार

बागेश्वर/कौसानी। क्रिसमस और वर्र्षांत के जश्न को लेकर कौसानी तैयार है। होटल, रिसॉर्ट कारोबारियों ने सैलानियों को लुभाने के सभी इंतजाम कर लिए हैं। कैंप फायर, म्यूजिक सिस्टम, कुमाउनी व्यंजनों के माध्यम से सैलानियों को लुभाने की तैयारी की गई है, लेकिन उम्मीद से कम ऑनलाइन बुकिंग होने से पर्यटन नगरी में जश्न जैसी रौनक नहीं दिख रही है। कोविड काल से पूर्व दिसंबर और जनवरी महीने में कौसानी देशी और विदेशी सैलानियों से भरा रहता था। कोविड के दौरान यहां सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि इस साल कोविड का असर नहीं होने से अच्छी तादात में सैलानी कौसानी पहुंचे। पूरे साल भर सैलानियों की आवाजाही रहने से होटल कारोबारियों को क्रिसमस और नए साल में बेहतर कारोबार होने की उम्मीद है, लेकिन अब तक कौसानी में चहल-पहल शुरु नहीं होने से होटल संचालक आशंकित भी लग रहे हैं।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष बलवंत सिंह नेगी का कहना है कि अब तक केवल 40 प्रतिशत ऑनलाइन बुकिंग हुई है। सैलानियों के स्वागत के लिए कैंप फायर, म्यूजिक, कुमाऊंनी व्यंजन समेत सभी तैयारियां की हैं। यहां आने वाले सैलानियों को हरसंभव सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। होटल कारोबारी और व्यापार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज अरोड़ा कहते हैं कि उनके यहां करीब 70 प्रतिशत कमरे बुक हो गए हैं। हालांकि महंगी हवाई सेवा और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा लगने के कारण ट्रेनों का संचालन अनियमित होने के कारण पहले की भांति सैलानी कौसानी नहीं आ रहा है। होटल कारोबारी पूरन सिंह दोसाद का कहना है कि क्रिसमस और थर्टी फर्स्ट को लेकर हल्की चहल-पहल शुरु हो गई है, लेकिन रौनक का इंतजार है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सैलानियों के आने की रफ्तार तेज होगी और कारोबार भी अच्छा रहेगा।
मौसम साफ रहने से खुश हैं कारोबारी
बागेश्वर। जिले में इन दिनों मौसम साफ है और दिन के समय चटक धूप निकल रही है। कौसानी आने वाले सैलानी इन दिनों हिमालय की लंबी पर्वत श्रृंखलाओं का दीदार कर सकते हैं। सुबह के समय कोहरा है, लेकिन शाम को डूबते सूर्य का अद्भत नजारा भी सैलानियों को लुभाने के लिए मुफीद है। ठंडी शाम में कैंफ फायर का लुत्फ लेने और तेज म्यूजिक के साथ थर्टी फर्स्ट का जश्न मनाने वाले कौसानी आकर अपनी यात्रा को यादगार बना सकते हैं। कौसानी भ्रमण के दौरान सैलानी चाय बागान, बैजनाथ मंदिर समूह, अनासक्ति आश्रम का भ्रमण कर कई जानकारियां भी हासिल कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments