Wednesday, February 25, 2026
Homeउत्तराखंडचमोली: पोखरी में प्राथमिक विद्यालय पैणी में शॉर्ट सर्किट से आग, कंप्यूटर...

चमोली: पोखरी में प्राथमिक विद्यालय पैणी में शॉर्ट सर्किट से आग, कंप्यूटर व फर्नीचर जलकर नष्ट, मचा हड़कंप

चमोली।
चमोली जिले के विकासखंड पोखरी अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैणी में बुधवार को शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। इस घटना में विद्यालय का कंप्यूटर सेट और फर्नीचर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। गनीमत रही कि आग लगने के समय विद्यालय में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार करीब एक बजे विद्यालय में लगी वाई-फाई लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारी ने पास में रखे कंप्यूटर और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी।

घटना की सूचना ग्राम प्रहरी द्वारा तत्काल थाना पोखरी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कंप्यूटर और अन्य शैक्षणिक सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग फैलने से रुक गई और बड़ा हादसा टल गया।

विद्यालय में तैनात शिक्षक ने बताया कि वाई-फाई कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि आग से विद्यालय को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली है, वहीं विद्यालय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments