Sunday, November 8, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
HomeUncategorizedनड्डा से मुलाकात के बाद आज उत्तराखंड लौटेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

नड्डा से मुलाकात के बाद आज उत्तराखंड लौटेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वाराणासी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार में शामिल होने के गए धामी ने नड्डा को उत्तराखंड के चुनाव के बारे में फीड बैक दिया। पहले मुख्यमंत्री के नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की संभावनाएं जताई जा रही थीं, लेकिन नड्डा उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार में व्यस्त थे। इस दौरान मुख्यमंत्री को भी उत्तरप्रदेश चुनाव प्रचार में शामिल होना था। पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार के लिए धामी शुक्रवार को वाराणासी पहुंचे। वहां नड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो कार्यक्रम में शरीक होने के लिए पहले से मौजूद थे। इसी दौरान धामी ने नड्डा से भेंट की।
भाजपा को एक बार फिर से प्रचंड बहुमत मिलने को लेकर आश्वस्त दिखे सीएम
सूत्रों के मुताबिक, नड्डा और धामी की इस मुलाकात में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। धामी उत्तराखंड में भाजपा को एक बार फिर से प्रचंड बहुमत को लेकर आश्वस्त दिखे। उन्होंने नड्डा को बताया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उधर, सियासी हलकों में धामी और नड्डा की मुलाकात के निहितार्थ टटोले जा रहे हैं। हरिद्वार सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक ने भी नड्डा से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बारे में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। कहा गया कि 10 मार्च को भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला कांटे का रहा तो निशंक की भूमिका अहम हो सकती है। इसे प्रदेश भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन से जोड़कर भी देखा गया। हालांकि पार्टी पदाधिकारियों ने ऐसी किसी भी संभावना से इनकार किया।
डॉ. निशंक के बाद मुख्यमंत्री धामी भी नई दिल्ली पहुंचे। खबरें आईं कि यूपी चुनाव में व्यस्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से धामी पांच मार्च को मुलाकात कर सकते हैं। इस बीच सीएम यूपी की राजधानी लखनऊ पहुंचे और उत्तरप्रदेश में भाजपा के प्रचार में शामिल हो गए। उन्होंने वाराणासी में प्रधानमंत्री के रोड शो में भाग लिया और फिर नड्डा से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के शनिवार शाम तक देहरादून लौटने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments