Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में सीएम धामी ने सुना ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड,...

देहरादून में सीएम धामी ने सुना ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड, बोले—प्रेरणादायी कहानियों से मिलता है देश को सकारात्मक संदेश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को देहरादून में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ सुना। इस अवसर पर इन्द्रानगर स्थित होटल रॉयल इन पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों के साथ कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए अपने विचार भी साझा किए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक अनूठा जनसंवाद मंच है, जिसने देशभर के लोगों को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विश्व के किसी भी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा संचालित सबसे लंबे समय तक चलने वाले प्रेरणादायी कार्यक्रमों में से एक माना जाता है।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के विभिन्न हिस्सों में कार्य कर रहे उन लोगों की कहानियों को सामने लाते हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य कर रहे हैं। इससे ऐसे लोगों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है और अन्य नागरिकों को भी समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कई कार्यक्रमों में उत्तराखंड का विशेष रूप से उल्लेख करते हैं। ‘मन की बात’ के कई एपिसोड में राज्य की शीतकालीन यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जिक्र किया गया है, जिससे राज्य के पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं भी उत्तराखंड के कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों का दौरा कर चुके हैं। इनमें आदि कैलाश और उत्तरकाशी जिले का हर्षिल-मुखवा क्षेत्र प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री के इन दौरों और उनके द्वारा किए गए उल्लेख का सकारात्मक प्रभाव राज्य में पर्यटन गतिविधियों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। अब तक करीब डेढ़ लाख से अधिक पर्यटक राज्य में शीतकालीन यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं। वहीं आदि कैलाश क्षेत्र में 36,700 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को ‘ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार, आवासीय सुविधाओं का विकास और डिजिटल व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के माध्यम से स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे योजना और धार्मिक पर्यटन को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को गति मिल रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments