Monday, March 23, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में पूर्व सीएम कोश्यारी से मिले सीएम धामी, पद्म भूषण सम्मान...

देहरादून में पूर्व सीएम कोश्यारी से मिले सीएम धामी, पद्म भूषण सम्मान पर जताई खुशी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित पद्म भूषण सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पद्म भूषण सम्मान कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन में किए गए दीर्घकालिक, समर्पित और राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण योगदान का उचित सम्मान है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश को गौरव की अनुभूति हुई है।

सीएम धामी ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी ने उत्तराखंड आंदोलन से लेकर राज्य गठन, प्रशासनिक नेतृत्व और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन तक हर भूमिका में प्रदेश और देश को सशक्त दिशा देने का कार्य किया है। उनका जीवन सादगी, जनसेवा और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणास्रोत रहा है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।

स्वजल कर्मचारी संघ ने भी दी बधाई

इस दौरान स्वजल कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भी पूर्व मुख्यमंत्री पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी से उनके शासकीय आवास पर भेंट की और सम्मान प्राप्त होने पर उन्हें बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने स्वजल विभाग के कर्मचारियों की विगत 28–29 वर्षों की निरंतर सेवाओं के बावजूद लंबित विभिन्न समस्याओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

इस पर कोश्यारी ने कर्मचारी संघ को आश्वस्त किया कि भविष्य में जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वे निःस्वार्थ भाव से कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments