देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा प्रकाशित स्मारिका ‘प्रयास बेहतर कल के लिए’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल गतिविधियां न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस प्रकार की पहलें कर्मचारियों के बीच खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही कार्यस्थल पर सकारात्मक कार्य संस्कृति के निर्माण में भी सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से व्यक्ति में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जिससे उसके कार्य करने की क्षमता और उत्साह दोनों बढ़ते हैं।
उन्होंने सचिवालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बीच खेलों के लिए समय निकालना बेहद आवश्यक है। इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य मजबूत होता है और इसका सकारात्मक प्रभाव कार्यकुशलता पर भी दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री ने स्मारिका में प्रकाशित लेखों, उपलब्धियों और क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रकाशन न केवल सचिवालय के कर्मचारियों के प्रयासों को दर्शाता है, बल्कि आने वाले समय में अधिक लोगों को खेलों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब भविष्य में भी इसी प्रकार खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करता रहेगा और कर्मचारियों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देगा।