Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून एयरपोर्ट पर लागू हुआ समर शेड्यूल, 34 उड़ानों को मंजूरी; नवी...

देहरादून एयरपोर्ट पर लागू हुआ समर शेड्यूल, 34 उड़ानों को मंजूरी; नवी मुंबई समेत 12 शहरों के लिए सीधी फ्लाइट शुरू

देहरादून: समर शेड्यूल लागू, चारधाम और पर्यटन सीजन को देखते हुए बढ़ाई उड़ानें

देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर 29 मार्च से समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है। यह नया शेड्यूल 24 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा। इस समर शेड्यूल के तहत कुल 34 उड़ानों को संचालन की मंजूरी दी गई है।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ नए शहरों को भी देहरादून एयरपोर्ट से जोड़ा गया है। समर शेड्यूल के तहत देहरादून से देश के 12 शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित की जाएंगी। इनमें दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बंगलूरू, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ शामिल हैं।

हालांकि इस बार समर शेड्यूल में भुवनेश्वर के लिए संचालित होने वाली उड़ान को शामिल नहीं किया गया है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार कुछ उड़ानें 29 मार्च से शुरू होंगी, जबकि कुछ अन्य सेवाएं अलग-अलग तारीखों में शुरू की जाएंगी।


देहरादून-नवी मुंबई के बीच पहली बार शुरू हुई सीधी उड़ान

समर शेड्यूल के साथ ही आज से देहरादून और नवी मुंबई के बीच पहली बार सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है। यह उड़ान विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा संचालित की जा रही है।

इंडिगो की यह फ्लाइट रविवार को शाम 5:35 बजे नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद यह विमान शाम 6:10 बजे देहरादून से वापस नवी मुंबई के लिए रवाना होगा।

186 सीटों वाले इस विमान से दोनों शहरों के बीच यात्रा करीब दो घंटे 25 मिनट में पूरी की जा सकेगी। एयरलाइन कंपनी ने फिलहाल इस रूट पर एक तरफ का शुरुआती किराया 10,939 रुपये तय किया है। वहीं 29 अप्रैल के लिए टिकट का किराया करीब 9,327 रुपये बताया गया है, जो समय के साथ कम या ज्यादा हो सकता है।


दून एयरपोर्ट पर आज से शुरू होगी ‘डिजी यात्रा’ सुविधा

देहरादून एयरपोर्ट पर आज से यात्रियों के लिए ‘डिजी यात्रा’ सुविधा भी शुरू की जा रही है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से इस सेवा का शुभारंभ करेंगे।

ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से मंजूरी मिलने के बाद यह सुविधा देश के बड़े एयरपोर्ट की तर्ज पर अब देहरादून एयरपोर्ट पर भी उपलब्ध होगी।

डिजी यात्रा के माध्यम से यात्रियों को एयरपोर्ट पर बार-बार पहचान पत्र या टिकट दिखाने की जरूरत नहीं होगी। एयरपोर्ट पर लगे आधुनिक कैमरे और उपकरण यात्री के चेहरे की पहचान करेंगे और इसके बाद प्रवेश द्वार स्वतः खुल जाएगा। इससे यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और बोर्डिंग प्रक्रिया भी तेज होगी।


एआई तकनीक से मिलेगी पेपरलेस यात्रा

डिजी यात्रा एक डिजिटल पहल है, जो हवाई यात्रियों को पेपरलेस और संपर्क रहित यात्रा का अनुभव प्रदान करती है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के जरिए यात्री के चेहरे को ही उसकी पहचान के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इससे यात्रियों को कुछ ही सेकेंड में एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश मिल सकेगा और उनकी यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज और सुरक्षित होगी।


मोबाइल एप के जरिए मिलेगा डिजी यात्रा का लाभ

डिजी यात्रा सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को अपने मोबाइल फोन में ‘डिजी यात्रा’ एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण करना होगा।

पंजीकरण के बाद यात्री को अपने फ्लाइट नंबर, टिकट और फोटो को एप में अपलोड करना होगा। एयरपोर्ट पर डिजी यात्रा गेट पर लगे कैमरे एप में दर्ज चेहरे को स्कैन कर मौके पर मौजूद यात्री के चेहरे से मिलान करेंगे और गेट अपने आप खुल जाएगा।

यात्रा पूरी होने के 24 घंटे बाद एप में दर्ज डेटा स्वतः डिलीट हो जाएगा।


एयरपोर्ट पर वाईफाई और किड्स जोन की सुविधा

देहरादून एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मुफ्त वाईफाई सेवा भी शुरू की जा रही है। इसके अलावा यात्रियों के इंतजार को आरामदायक बनाने के लिए पढ़ने के लिए किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी।

बच्चों के लिए एयरपोर्ट पर विशेष किड्स जोन बनाया गया है, जहां खेल-खिलौनों की सुविधा उपलब्ध होगी।

एयरपोर्ट निदेशक भूपेश सीएच नेगी ने बताया कि केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू आज वर्चुअल माध्यम से डिजी यात्रा सुविधा का उद्घाटन करेंगे, जिससे यात्रियों को आधुनिक और तेज हवाई यात्रा का अनुभव मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments