Monday, February 16, 2026
Homeउत्तराखंडबढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस की आज विशाल...

बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस की आज विशाल रैली, देहरादून में यातायात रूट डायवर्ट

देहरादून।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस आज एक विशाल रैली निकालने जा रही है। कांग्रेस की इस रैली को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रैली के दौरान यातायात प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है।

पुलिस के अनुसार, कांग्रेस की रैली परेड ग्राउंड से शुरू होगी। रैली के परेड ग्राउंड से निकलते ही ओरियंट चौक से कनक चौक की ओर जाने वाला यातायात ग्लोब चौक के रास्ते भेजा जाएगा। इसके साथ ही लैंसडाउन चौक और बुद्धा चौक से गुजरने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।

जब रैली कनक चौक पहुंचेगी, उस समय पेसिफिक तिराहा से कनक चौक की ओर जाने वाले वाहनों को तनेजा ऑप्टिकल कट से होते हुए रोजगार तिराहा की दिशा में भेजा जाएगा। वहीं, रैली के ओरियंट चौक पहुंचने पर कनक चौक से ओरियंट चौक की ओर जाने वाला यातायात पेसिफिक तिराहा होकर गुजरेगा। इसी तरह ग्लोब चौक से ओरियंट चौक जाने वाले वाहनों को भी पेसिफिक तिराहा के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा घंटाघर से ओरियंट चौक की ओर जाने वाले यातायात को दर्शनलाल चौक की दिशा में मोड़ा जाएगा। रैली के ओरियंट चौक से आगे बढ़ने पर ग्लोब चौक से निकलने वाला यातायात भी पेसिफिक तिराहा होकर संचालित किया जाएगा। रैली के ग्लोब चौक पहुंचने पर ग्लोब चौक से बहल चौक की ओर जाने वाले वाहनों को पेसिफिक तिराहा से बैनीबाजार की ओर भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रैली के पीछे किसी भी प्रकार का यातायात नहीं चलने दिया जाएगा। रैली के बहल चौक पार करने के बाद राजपुर रोड और बैनीबाजार चौक से आने वाले वाहनों को स्थिति के अनुसार रोक-रोक कर आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं, एनेक्सी तिराहा से हाथीबड़कला की ओर किसी भी वाहन की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस मार्ग के वाहनों को सीएसडी तिराहा और वाटिका तिराहा होते हुए बिंदाल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

रैली के दिलाराम चौक पहुंचने पर कालीदास तिराहा से दिलाराम चौक की ओर जाने वाले यातायात को पथरियापीर और नेशविला रोड की ओर मोड़ा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि रैली के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर सहयोग करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments