देहरादून:
राजधानी Dehradun के मच्छी बाजार इलाके में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। 23 वर्षीय युवती की धारदार हथियार (चापड़) से बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान गुन्नू (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सुबह अपने घर के बाहर से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक उसके पास आकर रुका और बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक युवक ने चापड़ निकालकर युवती के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवती मौके पर ही गिर पड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल युवती को उपचार के लिए दून चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि यह हमला बाजार के पास एक गली में किया गया। आरोप है कि युवक आकाश कुमार ने धारदार हथियार से युवती पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। आरोपी और मृतका के बीच संबंधों सहित सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।