देहरादून: उत्तराखंड में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र के एक युवक को ऑनलाइन गेमिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। यह रकम युवक के पिता को मुआवजे के तौर पर मिली थी, जिसे बेटे ने गेमिंग के चक्कर में आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि ठगों ने फर्जी गेमिंग एप और वेबसाइट के माध्यम से युवक को अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया और धीरे-धीरे उससे बड़ी रकम ट्रांसफर करवा ली।
प्ले स्टोर से डाउनलोड किए गेमिंग एप
पुलिस को दी गई शिकायत में अभिमन्यु (18) पुत्र ओमकार, निवासी बेहड़ेकी सैदाबाद, झबरेड़ा (हरिद्वार) ने बताया कि उसने जनवरी 2025 में प्ले स्टोर से स्पोर्ट्स बाज्जी, प्रोबू और ड्रीम11 जैसे गेमिंग एप डाउनलोड किए और ऑनलाइन गेम खेलना शुरू कर दिया।
कुछ समय बाद उसे ऑनलाइन गेमिंग की लत लग गई और वह लगातार इन प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने लगा।
यूट्यूब विज्ञापन के जरिए संपर्क में आए ठग
पीड़ित ने बताया कि जून 2025 में उसने यूट्यूब पर “विनअड्डा” नाम की एक गेमिंग वेबसाइट का विज्ञापन देखा। इसके बाद उसके व्हाट्सएप नंबर पर कई अंतरराष्ट्रीय नंबरों से मैसेज और लिंक भेजे गए, जिनके जरिए उसे गेम खेलने और निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।
शुरुआत में आरोपियों ने उसे थोड़ा मुनाफा दिखाकर विश्वास में ले लिया।
एक साल में ट्रांसफर कर दी करोड़ों की रकम
आरोपियों के कहने पर अभिमन्यु ने जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच अपने और अपने पिता के विभिन्न बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से कुल 1 करोड़ 77 लाख 53 हजार 960 रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर कर दी।
बताया गया कि यह राशि उसके पिता को पहले किसी मामले में मुआवजे के रूप में प्राप्त हुई थी।
पैसे निकालने पर हुआ ठगी का एहसास
जब युवक ने गेमिंग प्लेटफॉर्म से अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने और पैसे जमा कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर पुलिस कर रही जांच
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डिजिटल ट्रांजैक्शन, बैंक खातों और अंतरराष्ट्रीय नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, निवेश या लॉटरी से जुड़े किसी भी अनजान लिंक और एप पर भरोसा न करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर पुलिस को दें। 🚨