देहरादून। राजधानी देहरादून में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर इन दिनों संकट की स्थिति बन गई है। सप्लाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण शहर में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य सप्लाई पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।
बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से गैस बुकिंग के बीच का समय बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद वितरण व्यवस्था पर असर पड़ा है और सप्लाई में बाधा आने लगी है। इसके साथ ही कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि गैस बुकिंग नंबर भी सही तरीके से काम नहीं कर रहा है, जिससे उन्हें बुकिंग कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गैस एजेंसियों को दिए गए निर्देशों के अनुसार फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति केवल आवश्यक सेवाओं तक ही सीमित रखी गई है। इसके तहत शहर के अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।
वहीं होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल कमर्शियल सिलिंडर नहीं मिल पाएंगे। इससे होटल व्यवसायियों और छोटे कारोबारियों की परेशानी बढ़ सकती है और उनके कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है।
गैस एजेंसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बैकलॉग समाप्त होते ही कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति भी बहाल कर दी जाएगी।
उधर, शहर के कई इलाकों में लोगों को गैस सिलिंडर की डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक गैस बुकिंग से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में बैकलॉग खत्म करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही देहरादून में गैस आपूर्ति को पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।