Monday, May 18, 2026
Homeअपराधदेहरादून में सड़क विवाद के बाद अधिवक्ता पर हमला, थार सवार युवकों...

देहरादून में सड़क विवाद के बाद अधिवक्ता पर हमला, थार सवार युवकों ने कार में मारी टक्कर, पत्थर से तोड़ा शीशा

देहरादून में देर रात सड़क विवाद के बाद अधिवक्ता और उनके बड़े भाई पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि काली थार में सवार नशे में धुत युवकों ने पहले उनकी कार को टक्कर मारी, फिर मारपीट और गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीछा कर कार पर पत्थरबाजी भी की, जिससे कार का अगला शीशा टूट गया। घटना के बाद पीड़ित अधिवक्ता ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार अधिवक्ता श्रीकांत शर्मा अपने बड़े भाई रोहित शर्मा के साथ डोईवाला से दूधली मार्ग होते हुए घर लौट रहे थे। बताया गया कि रात करीब आठ से साढ़े आठ बजे के बीच जब वे एसजीआरआर मेडिकल अस्पताल मोथरोवाला के पास पहुंचे, तभी एक काली थार में सवार तीन युवक लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे।

आरोप है कि इसी दौरान थार सवार युवकों ने उनकी स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। जब दोनों भाइयों ने इसका विरोध किया तो युवक गाड़ी से उतर आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों भाइयों को वहां से निकाला।

पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी शांत नहीं हुए। तीनों युवक बाइक से उनका पीछा करने लगे। बताया गया कि युवकों के हाथों में पत्थर और चाकू भी थे। जान बचाने के लिए दोनों भाई तेज रफ्तार में बंगाली कोठी चौक की ओर पहुंचे, लेकिन वहां भी आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और कार पर पत्थरों से हमला कर दिया।

पत्थर लगने से कार का अगला शीशा टूट गया। अधिवक्ता का कहना है कि पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई होगी, जिससे आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।

वहीं, नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments