Sunday, March 15, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में LPG वितरण व्यवस्था बदली, अब गोदामों से नहीं मिलेगा सिलिंडर;...

देहरादून में LPG वितरण व्यवस्था बदली, अब गोदामों से नहीं मिलेगा सिलिंडर; सिर्फ होम डिलीवरी से पहुंचेगी रसोई गैस

देहरादून: राजधानी देहरादून में रसोई गैस की किल्लत और गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने LPG वितरण प्रणाली में नई व्यवस्था लागू कर दी है। प्रशासन के निर्देश के बाद अब गैस एजेंसियों के गोदामों से उपभोक्ताओं को सीधे सिलिंडर नहीं दिए जाएंगे। अब रसोई गैस की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही की जाएगी

जिला प्रशासन के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने के लिए पहुंच रहे थे, जिससे लंबी कतारें लग रही थीं और अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी। उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी को देखते हुए देर शाम अपर जिलाधिकारी की ओर से नए आदेश जारी किए गए।

नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर प्राप्त करने के लिए पहले की तरह ऑनलाइन या मोबाइल के माध्यम से बुकिंग करनी होगी। यदि किसी कारणवश कोई उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर पा रहा है तो वह गैस एजेंसी पर जाकर बुकिंग करवा सकता है। हालांकि, बुकिंग के बाद भी उपभोक्ता को सिलिंडर एजेंसी या गोदाम से नहीं दिया जाएगा, बल्कि एजेंसी द्वारा उसे सीधे घर तक पहुंचाया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी न हो, इसके लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी। देहरादून जिले की 70 गैस एजेंसियों की निगरानी के लिए 30 अधिकारियों को नामित किया गया है, जो वितरण व्यवस्था पर नजर रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस की आपूर्ति हो।

जिला प्रशासन ने कहा कि अधिकारी यह भी जांच करेंगे कि कहीं रसोई गैस की कालाबाजारी तो नहीं हो रही और उपभोक्ताओं को किसी तरह की दिक्कत तो नहीं आ रही। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और गैस एजेंसियों या गोदामों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments