Wednesday, March 11, 2026
Homeअपराधदेहरादून: मांडूवाला के जंगल में बोरे में बंद मिला युवती का शव,...

देहरादून: मांडूवाला के जंगल में बोरे में बंद मिला युवती का शव, छह दिन पुरानी लाश से फैली सनसनी

मांडूवाला के जंगल में बोरे में बंद मिला युवती का शव, पुलिस जांच में जुटी

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला इलाके में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सड़क किनारे जंगल में एक बोरे (कट्टे) में बंद महिला का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मांडूवाला क्षेत्र में सड़क के पास जंगल से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। जब लोगों ने आसपास देखा तो उन्हें एक बोरा संदिग्ध हालत में पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का शव मिला।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि शव करीब छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को घुटनों से मोड़कर बोरे में भरा गया था, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में फेंका गया होगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़ी कोई सुराग मिल सके।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव काफी पुराना लग रहा है और इसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी देखी जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं पुलिस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुट गई है।

इस घटना के सामने आने के बाद मांडूवाला और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments