देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक नाबालिग किशोरी को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य किशोरों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
कपड़े देने गई थी किशोरी, आरोपियों ने बिछाया जाल
पीड़िता की माँ, जो लोगों के कपड़े धोकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है, ने पुलिस को बताया कि 12 मार्च की शाम उन्होंने अपनी बेटी को मोहल्ले में कपड़े देने के लिए भेजा था। इसी दौरान एक आरोपी ने किशोरी को फोन कर झांसे में लिया और उसे हरिद्वार बाईपास के पास मिलने के लिए बुलाया।
जंगल ले जाकर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई
आरोप है कि मुख्य आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ किशोरी को पास के एक जंगल में ले गया। वहाँ आरोपियों ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। ड्रिंक पीते ही किशोरी बेसुध हो गई, जिसके बाद तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पूरी रात किशोरी को बंधक बनाए रखा गया।
घर पहुँचते ही गिरी बेसुध, आपबीती सुन कांप गई रूह
अगली सुबह आरोपियों ने पीड़िता को एक ई-रिक्शा में बैठाकर घर भेज दिया। किशोरी जैसे ही अपने घर के पास ई-रिक्शा से उतरी, वह चक्कर खाकर गिर पड़ी। जब उसे होश आया तो उसने अपनी माँ को पूरी आपबीती सुनाई। बेटी की हालत देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत शिकायत लेकर थाने पहुँचे।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पटेलनगर थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दो अन्य विधि विवादित (Minor) किशोरों को संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है।