देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के दौरान आईसीयू में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में धुआं फैलने से मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार अस्पताल के आईसीयू में लगे एसी में अचानक ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग लग गई और देखते ही देखते धुआं पूरे परिसर में फैल गया। उस समय आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। धुएं की वजह से मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
अस्पताल स्टाफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मिलकर सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें शहर के अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया। हादसे में आईसीयू में पहले से वेंटिलेटर पर भर्ती बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई। वहीं दो अन्य मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना में अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी धुएं और गैस की चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बचाव अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आईसीयू में फंसे मरीजों को बाहर निकाला।
धुएं और गैस के कारण राहत एवं बचाव कार्य में लगे कुछ पुलिसकर्मियों की तबीयत भी बिगड़ गई। ऑक्सीजन की कमी महसूस होने पर उन्हें नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में कुल दस लोगों के घायल होने की सूचना है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एसएसपी प्रमोद डोबाल और एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बाद में एसएसपी प्रमोद डोबाल ने कैलाश अस्पताल पहुंचकर भर्ती पुलिसकर्मियों और मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। एसएसपी ने बताया कि फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और सभी मरीजों को सुरक्षित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।