Sunday, March 29, 2026
Homeअपराधदेहरादून: रायपुर थाने की हवालात में PRD जवान की मौत से मचा...

देहरादून: रायपुर थाने की हवालात में PRD जवान की मौत से मचा हड़कंप, पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून में पुलिस कस्टडी में PRD जवान की मौत, मामले की जांच शुरू

देहरादून के रायपुर थाने में पुलिस कस्टडी के दौरान एक पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवान की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सुनील रतूड़ी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार को जवान का शव हवालात के अंदर कंबल से बने फंदे में लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

रविवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि जांच में पारदर्शिता बनी रहे।

पेट्रोल पंप पर विवाद के बाद हुई थी गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान नहीं कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था।

पुलिस का कहना है कि काफी समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो उसे रायपुर थाने लाया गया और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में भी उसने हंगामा किया, जिसके बाद उसे हवालात में बंद कर दिया गया।

कुछ देर बाद हवालात में बेसुध मिला

पुलिस के मुताबिक हवालात में बंद किए जाने के कुछ समय बाद जवान बेसुध अवस्था में मिला। पुलिसकर्मी तत्काल उसे कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप

मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने थाने में जवान के साथ मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने हंगामा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments