देहरादून: जनपद देहरादून में पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल की शुरुआत हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल ने कार्यभार संभालने के बाद पहली तबादला सूची जारी करते हुए रायवाला कोतवाली और रानीपोखरी थाने के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस संबंध में देर रात आदेश जारी किए गए।
जारी आदेश के अनुसार रायवाला कोतवाली में तैनात प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र खोलिया को रानीपोखरी थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं रानीपोखरी के वर्तमान थानाध्यक्ष विकेंद्र चौधरी को पुलिस कार्यालय देहरादून में तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि रायवाला कोतवाली में फिलहाल प्रभारी निरीक्षक की नई तैनाती नहीं की गई है। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यहां किसी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी को प्रभारी के रूप में तैनात किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा जारी की गई यह पहली तबादला सूची पुलिस महकमे में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आने वाले समय में पुलिस विभाग में और भी तबादले किए जा सकते हैं।