देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर पांच किलोमीटर की दौड़ का आयोजन किया गया। कैंट रोड से शुरू हुई इस दौड़ को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न आयु वर्ग के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
दौड़ के फ्लैग ऑफ के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाना और प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यातायात नियमों के पालन से जहां दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है, वहीं पर्यावरण संरक्षण से आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित होता है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की दौड़ों के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।