Saturday, February 28, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में वसंतोत्सव-2026 का शुभारंभ, लोकभवन में खिले हजारों फूल; ‘फ्लोरल हीलिंग’...

देहरादून में वसंतोत्सव-2026 का शुभारंभ, लोकभवन में खिले हजारों फूल; ‘फ्लोरल हीलिंग’ थीम बनी आकर्षण का केंद्र

देहरादून: फूलों की खुशबू और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच वसंतोत्सव-2026 की शुरुआत

देहरादून स्थित लोकभवन परिसर में शुक्रवार को वसंतोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने किया। इस अवसर पर पूरा परिसर रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से महक उठा। राज्यपाल ने कहा कि बागवानी और पुष्प उत्पादन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के साथ रोजगार और आय के नए अवसर पैदा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वसंतोत्सव जैसे आयोजन न केवल प्रकृति और संस्कृति को जोड़ते हैं, बल्कि स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।


अरोमा उत्पादों और पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर

राज्यपाल ने ‘अरोमा क्रांति’ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक संपदा से तैयार सुगंधित उत्पाद वैश्विक बाजार में विशेष पहचान बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी को आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने सुझाव दिया कि शहद, अरोमा उत्पाद और मिलेट्स जैसे पारंपरिक उत्पादों को तकनीक और डिजिटलीकरण से जोड़ा जाए, जिससे नए बाजार विकसित हो सकें।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, प्रथम महिला गुरमीत कौर, सचिव रविनाथ रामन, कृषि सचिव एस.एन. पांडेय, अपर सचिव रीना जोशी तथा उद्यान निदेशक एस.एल. सेमवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


विशेष डाक आवरण का विमोचन, योग और वुशु प्रस्तुति

राज्यपाल ने डाक विभाग द्वारा ‘भोज पत्र’ विषय पर जारी विशेष डाक आवरण का विमोचन किया और डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम के पहले दिन राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान, देहरादून और निरामया योगम रिसर्च फाउंडेशन, हरिद्वार द्वारा रिदमिक योग की प्रस्तुति दी गई। वहीं वुशु एसोसिएशन के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।


‘फ्लोरल हीलिंग’ थीम पर आधारित आयोजन

इस वर्ष वसंतोत्सव की थीम “फ्लोरल हीलिंग: नेचर्स पाथ टू वेल बीइंग” रखी गई है। उद्यान विभाग द्वारा फ्लोरल हीलिंग पर विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। हिमालयी क्षेत्रों में पाए जाने वाले ताजे फूलों से बने खाद्य उत्पादों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

राज्यपाल ने पुष्प प्रदर्शनी, पेंटिंग प्रतियोगिता और विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों से जानकारी प्राप्त की।


हजारों प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

वसंतोत्सव में विभिन्न श्रेणियों में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। पारंपरिक श्रेणी में 870, गैर पारंपरिक में 266, महिला पुष्प उत्पादक 26, सब्जी उत्पादन 60, शहद श्रेणी में 103 और पेंटिंग प्रतियोगिता में 738 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कुल 15 श्रेणियों की 55 उपश्रेणियों में 2314 प्रतिभागी शामिल हुए।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को निर्णायक मंडल के निर्णय के बाद एक मार्च को सम्मानित किया जाएगा।


फूलों की रंगोली और पहाड़ी संस्कृति की झलक

आयोजन में फूलों से बनाई गई रंगोलियां विशेष आकर्षण रहीं, जिनमें विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों को प्रदर्शित किया गया। विभिन्न स्टॉलों और फोटोग्राफी प्रदर्शनी के माध्यम से पहाड़ी संस्कृति, कृषि परंपरा और प्राकृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिली, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments