अप्रैल में शुरू हो सकता है दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
देहरादून। उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीच आवागमन को तेज और सुगम बनाने वाला बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल माह में इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में या फिर 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर प्रधानमंत्री उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं और इसी दौरान इस परियोजना का लोकार्पण कर सकते हैं।
करीब 210 से 211 किलोमीटर लंबे इस छह लेन एक्सप्रेसवे के पूरी तरह शुरू होने के बाद दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। वर्तमान में यह सफर लगभग 6 से 6.30 घंटे में पूरा होता है, लेकिन एक्सप्रेसवे चालू होने के बाद यह दूरी सिर्फ दो से ढाई घंटे में तय की जा सकेगी।
13 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजना
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर सीधे देहरादून तक जाता है। दिल्ली में इसका एलिवेटेड सेक्शन दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ता है, जिससे दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच सड़क संपर्क पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक हो गया है।
कई जिलों को मिलेगा सीधा लाभ
एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के शुरू होने से खेकड़ा, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे जिलों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। यह मार्ग इन क्षेत्रों को दिल्ली-एनसीआर से तेज और वैकल्पिक कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। साथ ही उन सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा, जहां रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। देशभर से आने वाले पर्यटक अब कम समय में देहरादून और आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा व्यापारियों, उद्यमियों और आम यात्रियों के लिए भी राजधानी तक पहुंचना पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि एक्सप्रेसवे के पूरी तरह शुरू होने के बाद यह परियोजना पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है।