देवप्रयाग में शराब का ठेका हटाने की मांग पर महिलाओं का आंदोलन जारी, पुलिस कार्रवाई के बाद भी नहीं डिगीं प्रदर्शनकारी
देवप्रयाग। नगर में शराब का ठेका हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी बीच देर रात प्रशासन और पुलिस ने अनशन स्थल से टेंट हटाने की कार्रवाई की। भारी बारिश और ठंड के बावजूद आंदोलनकारी महिलाएं पीछे नहीं हटीं और पूरी रात भीगते हुए भजन गाकर अपना विरोध दर्ज कराती रहीं।
देवप्रयाग में कई दिनों से महिलाएं शराब का ठेका हटाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना और क्रमिक अनशन कर रही थीं। आंदोलन स्थल पर टेंट लगाकर महिलाएं लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही थीं। हालांकि शनिवार देर रात प्रशासन ने अनशन स्थल को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
कोर्ट के आदेश का हवाला देकर हटाए टेंट
देर रात देवप्रयाग थाने के इंस्पेक्टर प्रशांत बहुगुणा और नायब तहसीलदार विजयपाल सिंह गुसाईं के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए आंदोलन स्थल पर लगाए गए टेंट को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
इस दौरान टेंट के अंदर क्रमिक अनशन पर बैठी बुजुर्ग महिलाओं को महिला पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाल दिया। मूसलाधार बारिश के बीच उन्हें सड़क पर खड़ा कर दिया गया। बुजुर्ग महिलाएं हाथ जोड़कर टेंट न तोड़ने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी।
नाबालिग को टेंट की छत पर चढ़ाने पर उठा विवाद
टेंट की रस्सियां खोलने के दौरान पुलिस ने खुद जोखिम न उठाते हुए एक नाबालिग को टेंट की छत पर चढ़ा दिया। इस पर आंदोलनकारियों ने कड़ी आपत्ति जताई और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
आंदोलनकारी पुष्पा रावत और क्षेत्र पंचायत सदस्य सीताराम राणाकोटी ने कहा कि पुलिस टेंट को भले ही तोड़ दे, लेकिन पहाड़ की महिलाओं के हौसलों को नहीं तोड़ सकती। उन्होंने कहा कि शराब के ठेके के खिलाफ आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक इसे यहां से हटाया नहीं जाता।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी जताई नाराजगी
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि जब शराब के नशे में लोग बहु-बेटियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं तब प्रशासन चुप रहता है, लेकिन जब महिलाएं अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाती हैं तो उन्हें दबाने के लिए आधी रात को कार्रवाई की जाती है।
बारिश में भी जारी रहा विरोध
पुलिस की कार्रवाई के बावजूद महिलाएं पीछे नहीं हटीं। वे पूरी रात बारिश में भीगते हुए धरना स्थल पर बैठी रहीं और ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताती रहीं।
घटना के दौरान बनाए गए लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसके बाद प्रदेशभर में प्रशासन और सरकार की कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।