Friday, March 20, 2026
Homeउत्तराखंडधामी कैबिनेट विस्तार: भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा बने मंत्री, छात्रसंघ राजनीति...

धामी कैबिनेट विस्तार: भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा बने मंत्री, छात्रसंघ राजनीति से कैबिनेट तक का सफर

धामी कैबिनेट विस्तार: राम सिंह कैड़ा ने ली मंत्री पद की शपथ

उत्तराखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित धामी मंत्रिमंडल का विस्तार शुक्रवार को हो गया। देहरादून स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

राम सिंह कैड़ा का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू होकर प्रदेश की कैबिनेट तक पहुंचा है। कॉलेज के दिनों में सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाले कैड़ा ने धीरे-धीरे क्षेत्रीय और राज्य स्तर की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

छात्रसंघ अध्यक्ष से शुरू हुआ राजनीतिक करियर

राम सिंह कैड़ा हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं। छात्र राजनीति से ही उन्होंने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और बाद में मुख्यधारा की राजनीति में सक्रिय हो गए। शुरुआती दौर में वे कांग्रेस से जुड़े रहे और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।

इसके बाद उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों में भाग लिया और क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की। उनके परिवार का भी राजनीति से गहरा जुड़ाव रहा है। उनकी पत्नी भी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं।

निर्दलीय चुनाव जीतकर पहली बार बने विधायक

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट न मिलने पर राम सिंह कैड़ा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया। भीमताल विधानसभा सीट से उन्होंने जीत हासिल की और पहली बार विधायक बने। निर्दलीय विधायक रहते हुए वे भाजपा के करीब रहे और कई मौकों पर सरकार का समर्थन किया।

भाजपा के टिकट पर 2022 में दूसरी जीत

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें भीमताल सीट से अपना उम्मीदवार बनाया। इस चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। उनकी सक्रियता और क्षेत्र में मजबूत जनाधार को देखते हुए उन्हें धामी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

धामी मंत्रिमंडल में शामिल हुए पांच नए मंत्री

धामी कैबिनेट के विस्तार में कुल पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले राजपुर के विधायक खजान दास ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ग्रहण की।

इसके बाद वरिष्ठ नेता मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने भी मंत्री पद की शपथ ली। लंबे समय से प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर अब विराम लग गया है।

राम सिंह कैड़ा के मंत्री बनने से भीमताल क्षेत्र में उनके समर्थकों में खुशी की लहर देखी जा रही है और इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments