धामी कैबिनेट विस्तार: बहुगुणा के बाद पुष्कर सिंह धामी ने बनाया नया रिकॉर्ड, पूरी हुई 12 सदस्यों की टीम
उत्तराखंड में लंबे समय से चर्चाओं और राजनीतिक कयासों के बीच आखिरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी कैबिनेट का विस्तार कर दिया है। नए मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही राज्य में मुख्यमंत्री समेत 12 सदस्यों वाली पूरी कैबिनेट तैयार हो गई है। इसके साथ ही धामी ने एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में नया रिकॉर्ड बना दिया है।
प्रदेश में निर्वाचित सरकारों के इतिहास में 11 कैबिनेट मंत्रियों के साथ पूरी टीम बनाने का रिकॉर्ड इससे पहले वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के नाम दर्ज था। अब यह उपलब्धि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम भी दो बार दर्ज हो गई है।
दरअसल, धामी की पहली सरकार (धामी-1) में भी 11 कैबिनेट मंत्री शामिल थे। वहीं दूसरी सरकार (धामी-2) की शुरुआत मार्च 2022 में आठ मंत्रियों के साथ हुई थी। बाद में मंत्री चंदन रामदास के निधन और प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या घटकर छह रह गई थी। अब नए मंत्रियों को शामिल कर कैबिनेट की संख्या फिर से 11 कर दी गई है, जिससे मुख्यमंत्री समेत 12 सदस्यों की पूरी टीम तैयार हो गई है।
राजनीतिक हलकों में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने आखिरकार अपनी पूरी टीम का गठन कर दिया है।
उत्तराखंड की विभिन्न सरकारों में कैबिनेट मंत्रियों की संख्या
उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से अब तक विभिन्न सरकारों में कैबिनेट मंत्रियों की संख्या अलग-अलग रही है।
नारायण दत्त तिवारी सरकार (2002–2007)
प्रदेश की पहली निर्वाचित सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 9 कैबिनेट मंत्री थे।
भुवन चंद्र खंडूरी सरकार (2007–2009)
इस सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 9 कैबिनेट मंत्री शामिल थे।
रमेश पोखरियाल निशंक सरकार (2009–2011)
इस कार्यकाल में मुख्यमंत्री के अलावा 7 कैबिनेट मंत्री थे।
खंडूरी सरकार-2 (2011–2012)
दूसरी बार बनी खंडूरी सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 6 कैबिनेट मंत्री थे।
विजय बहुगुणा सरकार (2012–2014)
इस सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 11 कैबिनेट मंत्री थे, जो उस समय का सबसे बड़ा कैबिनेट गठन था।
हरीश रावत सरकार (2014–2017)
इस कार्यकाल में मुख्यमंत्री के अलावा 9 कैबिनेट मंत्री शामिल थे।
त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार (2017–2021)
इस सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा 6 कैबिनेट मंत्री थे।
तीरथ सिंह रावत सरकार (2021)
इस कार्यकाल में मुख्यमंत्री के अलावा 8 कैबिनेट मंत्री शामिल थे।
पुष्कर सिंह धामी सरकार-1 (जुलाई 2021 – मार्च 2022)
इस सरकार में 11 कैबिनेट मंत्री थे।
पुष्कर सिंह धामी सरकार-2 (23 मार्च 2022 से)
दूसरी धामी सरकार की शुरुआत 8 मंत्रियों के साथ हुई थी, लेकिन अब कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों की संख्या 11 हो गई है और सरकार की पूरी टीम बन गई है।
इस तरह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में अपना नाम दर्ज करते हुए पूर्ण कैबिनेट बनाने का रिकॉर्ड दोहराया है।