Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तराखंडदून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए जल्द शुरू होंगी नियमित...

दून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए जल्द शुरू होंगी नियमित उड़ानें, पर्यटन व तीर्थाटन को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए जल्द ही नियमित हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इस पहल से राज्य में पर्यटन और तीर्थाटन को नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि देहरादून से इन प्रमुख धार्मिक शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव एयरलाइंस कंपनियों के साथ साझा कर दिया गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान देहरादून-वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने का अनुरोध किया था। इस पर सकारात्मक पहल करते हुए मंत्रालय ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि वर्तमान में देहरादून से देश के कई प्रमुख शहरों—अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, हैदराबाद (शमशाबाद), जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू—के लिए इंडिगो, एलायंस एयर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा प्रति सप्ताह कुल 254 उड़ानों का संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत में घरेलू विमानन क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त (डीरिगुलेटेड) किया गया है। इसके तहत एयरलाइंस कंपनियां अपने व्यावसायिक हितों के अनुसार विमान और रूट का चयन करने के लिए स्वतंत्र हैं। किसी भी नए रूट पर उड़ान शुरू करने या मौजूदा सेवाओं का विस्तार करने का अंतिम निर्णय संबंधित एयरलाइंस ऑपरेटरों द्वारा ही लिया जाता है।

मंत्रालय ने यह भी बताया कि देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए उड़ान सेवा शुरू करने के प्रस्ताव को सभी घरेलू एयरलाइंस के साथ साझा किया गया है। जैसे ही एयरलाइंस कंपनियां व्यावसायिक रूप से उपयुक्त समझेंगी, इन रूट्स पर उड़ान संचालन शुरू किया जा सकेगा।

इन नई उड़ानों के शुरू होने से उत्तराखंड से धार्मिक पर्यटन करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं राज्य में आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments