सोशल मीडिया पर आईपीएस अधिकारी की फर्जी आईडी बनाकर ठगी करने के आरोप में एसटीएफ ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा के मेवात से अपना गिरोह चला रहा था। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि निलाभ किशोर निवासी देहरादून ने तीन जून को शिकायत की थी। वह वर्ष 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने बताया था कि फेसबुक पर उनके नाम से फर्जी आईडी बनाकर दोस्तों से पैसा मांगा जा रहा है। मुकदमा दर्ज करने के बाद फेसबुक आईडी की जानकारी जुटाई गई। फेसबुक से पत्राचार कर मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, ई-वालेट, बैंक खातों सहित अन्य साक्ष्यों को जुटाया गया।
पता चला कि फेसबुक आईडी हरियाणा के मेवात क्षेत्र से संचालित हो रही है। टीम हरियाणा, राजस्थान, यूपी सहित अन्य राज्यों के लिए रवाना की गई। आरोपी अशफाक निवासी ग्राम सिंगार, थाना बिचौल, जनपद नूह, मेवात, हरियाणा को तीन अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया।