चंपावत। जिले में औद्यानिकी संबंधी गतिविधियों को बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्यान विभाग को जिले में औद्यानिकी विस्तार के निर्देश दिए हैं। इसके अनुपालन में उद्यान विभाग के विशेषज्ञों की टीम ने विभिन्न स्थानों पर जाकर औद्यानिकी विस्तार की संभावनाओं का जायजा लिया।
कुमाऊं मंडल के संयुक्त उद्यान निदेशक डॉ. बृजेश गुप्ता और गढ़वाल मंडल के संयुक्त उद्यान निदेशक रतन कुमार के नेतृत्व में विशेषज्ञों की यह टीम तीन दिनों जिले के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर रही है। इस दौरान किसानों से वार्ता कर उनका फीडबैक भी लिया जा रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी टीएन पांडेय ने बताया कि विशेषज्ञों की टीम को जिले में औद्यानिकी विकास संबंधी जानकारी दी गई। इस टीम ने जिले के बनबसा, टनकपुर, सूखीढांग, श्यामलाताल, धूरा, अमोड़ी, चल्थी राजकीय उद्यान केंद्र मुडियानी, चाय बागान आदि क्षेत्रों में जाकर किसानों से वार्ता की। किसानों ने उन्हें कई परेशानियां बताकर उनके समाधान की मांग की। अधिकारियों ने उनकी मांग सरकार तक पहुंचाने का आह्वान किया।