Wednesday, November 11, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डघरों में सड़ने लगा कूड़ा, नगर आयुक्त ने लोगों से की निकटतम...

घरों में सड़ने लगा कूड़ा, नगर आयुक्त ने लोगों से की निकटतम कूड़ाघर में कूड़ा डालने की अपील

हल्द्वानी। सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते रविवार को भी सफाई नहीं हुई। नगर निगम के अधिकारी छुट्टी के बाद भी दिन भर प्राइवेट वाहन किराए पर लेकर कूड़ा घरों को खाली कराते रहे। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम भी ठप होने के कारण अब लोगों के घरों में ही कूड़ा सड़ने लगा है। अब लोग सड़क या खाली प्लाटों में कूड़ा डाल रहे हैं। नगर आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि वह हड़ताल तक नगर निगम का सहयोग करें। अपने घर का कूड़ा निकटतम कूड़ा घरों में डालना सुनिश्चित करें। कहा कि इन कूड़ा घरों को नगर निगम प्रतिदिन साफ कराएगा। सफाई कर्मियों के चार संगठन संयुक्त मोर्चा बनाकर नौ सूत्री मांगों के लेकर आंदोलनरत हैं। कर्मचारियों के हड़ताल पर होने के कारण रविवार को भी शहर में नालियों, सड़कों और गलियों की सफाई नहीं हुई। सफाई कर्मियों ने डोर-टू-डोर कूड़ा वाहन का संचालन भी पूरी तरह बंद कर दिया है।
रविवार को छुट्टी के बावजूद नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय नगर निगम के अधिकारियों के साथ सफाई कराने पहुंचे। सुबह आठ बजे से शाम तीन बजे तक वह मौके पर रहकर कूड़ा घरों को खाली कराते रहे। रात को नगर आयुक्त आठ बजे से 15 रात्रि गैंग के सफाई कर्मियों को लेकर कूड़ा उठवाने पहुंचे। देर रात 11 बजे तक शहर में सफाई को लेकर काम हुआ। टीम ने 24 कूड़ा घरों को खाली कराया। नगर आयुक्त ने बताया कि दो जेसीबी और चार डंपर किराए पर लेकर सफाई कराई जा रही है। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मनोज कांडपाल, सहायक लेखाधिकारी गणेश भट्ट, एई नवल नौटियाल, सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, चतर सिंह आदि मौजूद रहे।
दो कंपनियों और सफाई कर्मियों को निगम ने भेजा नोटिस
हल्द्वानी। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली कंपनी मैजिक जिनी स्मार्टटैक सोल्यूसंस लि. और द ग्लोबल सोसाइटी को नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि निगम की शर्तों के अनुसार डोर टू डोर कंपनी कूड़ा नहीं उठा रही है। द ग्लोबल सोसाइटी से कहा गया है कि वह चालक उपलब्ध नहीं करा रही है। जो चालक वाहनों को चला रहे हैं, वे हड़ताल में हैं। 28 नवंबर से कूड़ा वाहन नहीं चलने पर कंपनी के साथ अनुबंध समाप्त करने और ठोस अपशिष्ट अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की बात कही गई है। सफाई कर्मियों को नोटिस भेजकर कहा कि वह काम पर वापस लौटें, बजट का इंतजाम होते ही उन्हें एरियर के साथ भुगतान कर दिया जाएगा।
नगर आयुक्त ने सभी कर्मचारियों की छुट्टी पर लगाई रोक
हल्द्वानी। नगर आयुक्त ने सफाई कर्मियों की हड़ताल को देखते हुए कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी है। नगर आयुक्त ने जारी किए आदेश में कहा है कि कार्य बहिष्कार में शामिल कार्मिकों को छोड़कर सभी कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त की जाती है। केवल विशेष परिस्थिति में ही छुट्टी दी जाएगी। कोई भी कर्मचारी बिना अनुमति के छुट्टी नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments