Tuesday, October 13, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डगंगोत्री हाईवे बर्फबारी के कारण फिर से ठप

गंगोत्री हाईवे बर्फबारी के कारण फिर से ठप

उत्तरकाशी जिले में पिछले तीन दिनों से खराब मौसम के बीच बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे सुक्की टॉप से आगे गंगोत्री तक एक बार फिर से आवाजाही के लिए बाधित हो गया है। जिससे राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
शनिवार को उत्तरकाशी में सुबह ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। दिनभर रिमझिम बारिश से ठंड हावी रही। रूक-रूक हो रही बारिश से तापमान काफी गिर गया है। इसके चलते जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम सहित आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फबारी से लकदक हो गए हैं। वहीं बर्फबारी एक बार फिर राहगीरों के लिए मुसीबत बनकर गिर रही है। गंगोत्री हाईवे पर सुक्की टॉप से आगे जबरदस्त बर्फबारी होने से आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ गई है। इसके साथ ही भैरोंघाटी-नेलांग रूट पर भी खासी बर्फबारी होने से आवागमन की गतिविधियां रूक सी गई हैं। सुक्की टॉप में बीआरओ की मशीनरी मौके पर जाकर हाईवे को यातायात के लिए बहाल करने में जुटी है। खराब मौसम के बीच हाईवे को खोलने में मजदूरों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। उधर, यमुनोत्री हाईवे पर फिलहाल यातायात निर्बाध रूप से जारी है। इसके अलावा देहरादून-सुवाखोली, लंबगांव-धौंतरी मोटरमार्ग सहित अन्य लिंक मार्गों पर आवागमन सुचारू रूप से चल रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments