हल्द्वानी:
शहर में ई-रिक्शा के जरिए महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी करने वाली शातिर महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी महिला मासूम और लाचार होने का नाटक कर महिलाओं के करीब पहुंचती थी और मौका मिलते ही उनके गले से मंगलसूत्र चोरी कर फरार हो जाती थी।
पुलिस के अनुसार, मथुरा निवासी मुस्कान पिछले कुछ समय से हल्द्वानी क्षेत्र में टप्पेबाजी की वारदातों को अंजाम दे रही थी। वह ई-रिक्शा में सफर कर रही महिलाओं को निशाना बनाती थी। गोद में बच्चे को लेकर खुद को बेबस दिखाकर वह महिलाओं का भरोसा जीतती और उनके पास बैठ जाती थी। इसी दौरान वह बड़ी चालाकी से उनके गले से मंगलसूत्र काट लेती थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि फरवरी माह में कोतवाली क्षेत्र निवासी मेघा जोशी और मार्च में मुखानी क्षेत्र की दीपा खड़ायत के साथ मंगलसूत्र चोरी की घटनाएं हुई थीं। लगातार सामने आ रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे संदिग्ध महिला की पहचान मुस्कान के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने 27 अप्रैल को हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
ऐसे करती थी वारदात
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुस्कान ई-रिक्शा में सवार होकर महिलाओं के बिल्कुल पास बैठती थी। गोद में बच्चे को लेकर वह खुद को असहाय दिखाती, जिससे महिलाएं उस पर शक नहीं करती थीं। मौका मिलते ही वह उनके गले से मंगलसूत्र काटकर आसानी से फरार हो जाती थी।
पति भी है शातिर अपराधी
पुलिस के मुताबिक, मुस्कान का पति भी एक कुख्यात अपराधी है, जिस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। आगरा में उसके खिलाफ चेन स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अपने पति और बच्चे के साथ स्कॉर्पियो वाहन से हल्द्वानी आती थी और वारदात को अंजाम देने के बाद वापस लौट जाती थी।
आगे की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मुस्कान पहली बार गिरफ्त में आई है, लेकिन उसके अपराध करने का तरीका बेहद शातिर है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अन्य किन-किन स्थानों पर इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है और उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।