Tuesday, March 24, 2026
Homeउत्तराखंडहरिद्वार: आपदा पीड़ितों को जल्द मिलेगा मुआवजा, पंचायतों को सशक्त बनाकर गांवों...

हरिद्वार: आपदा पीड़ितों को जल्द मिलेगा मुआवजा, पंचायतों को सशक्त बनाकर गांवों के विकास पर जोर — मदन कौशिक

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार में नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राज्य आपदा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है और पूर्व में विभिन्न क्षेत्रों में आई आपदाओं से प्रभावित लोगों को जल्द मुआवजा दिलाने के लिए सरकार गंभीरता से काम करेगी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर जल्द विभागीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आपदा पीड़ितों को राहत राशि देने को लेकर ठोस और सार्थक निर्णय लिए जाएंगे।

एक विशेष बातचीत में मंत्री मदन कौशिक ने अपने विभाग आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं पुनर्गठन के साथ-साथ अन्य जिम्मेदारियों को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि अब तक शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया है, लेकिन अब सरकार का लक्ष्य गांवों को योजनाबद्ध और व्यवस्थित तरीके से विकसित करना है।

मंत्री ने कहा कि शहरों में बुनियादी ढांचा अपेक्षाकृत बेहतर रहता है, जबकि गांवों में योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता अधिक है। ऐसे में सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और वहां विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष ध्यान देगी।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों की होगी समीक्षा

राज्य के कई क्षेत्रों, विशेषकर थराली और धराली सहित अन्य स्थानों पर आई आपदाओं में प्रभावित लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने के सवाल पर मंत्री कौशिक ने कहा कि इस मामले की विभागीय स्तर पर समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में यह पता लगाया जाएगा कि आखिर किन कारणों से पीड़ितों को अब तक मुआवजा नहीं मिल सका और जल्द ही समाधान निकालते हुए उन्हें राहत राशि दिलाई जाएगी।

पंचायतों को सशक्त बनाने पर जोर

प्रदेश में पंचायतों को अधिक अधिकार देने के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार इस दिशा में प्रयास कर रही हैं कि पंचायतों को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त अधिकार मिलें। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को स्वतंत्र रूप से विकास कार्य करने का अधिकार है और सरकार चाहती है कि पंचायतें अपने संसाधनों को स्वयं विकसित करें तथा स्थानीय स्तर पर विकास को गति दें।

उत्तराखंड को आयुष हब बनाने की योजना

आयुष शिक्षा मंत्री के रूप में अपनी प्राथमिकताओं पर बात करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक संसाधनों के मामले में काफी समृद्ध है। अन्य राज्यों को आयुष उत्पादों के लिए कच्चे माल की चिंता रहती है, लेकिन उत्तराखंड में प्राकृतिक वातावरण और संसाधनों की भरपूर उपलब्धता है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग स्वास्थ्य लाभ के लिए केरल जैसे राज्यों की ओर रुख करते हैं, उसी तरह उत्तराखंड को भी आयुष और प्राकृतिक चिकित्सा का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

आयुर्वेद विश्वविद्यालय के शिक्षकों का वेतन जल्द

उन्होंने आयुर्वेद विश्वविद्यालय के शिक्षकों को लगभग एक वर्ष से वेतन न मिलने के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि इस विषय में भी जल्द ठोस निर्णय लिया जाएगा। सभी पहलुओं की समीक्षा कर शिक्षकों की समस्या का समाधान निकाला जाएगा।

2027 का कुंभ होगा भव्य

मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाला कुंभ मेला दिव्य और भव्य होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की जिम्मेदारी स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित की जा रही है, इसलिए इसकी तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। कुंभ से जुड़ी विकास परियोजनाएं हरिद्वार जिले को नई पहचान देने का काम करेंगी।

मेहनती कार्यकर्ताओं के दम पर मिलेगी जीत

वर्ष 2027 के चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि संगठन और सरकार दोनों में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की ही पहचान होती है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता के बल पर भाजपा न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश में जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि सभी दायित्वधारियों की जवाबदेही तय होगी और सामूहिक प्रयासों से बेहतर परिणाम सामने आएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments