Monday, November 2, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडहरिद्वार: गायत्री विहार कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान के खुले सेफ्टी टैंक से...

हरिद्वार: गायत्री विहार कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान के खुले सेफ्टी टैंक से बरामद हुआ सड़ा-गला शव, पुलिस जांच जारी

सिडकुल थाना क्षेत्र अंतर्गत गायत्री विहार कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक निर्माणाधीन मकान के नीचे बने खुले सेफ्टी टैंक से सड़ा-गला शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टैंक से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि गायत्री विहार कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान में बनी दुकान के अंदर खुले पड़े सेफ्टी टैंक में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना पर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, एसएसआई देवेंद्र तोमर समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि सेफ्टी टैंक करीब छह फीट गहरा है और उसमें लगभग चार फीट तक पानी भरा हुआ था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

शव की हालत अत्यधिक खराब थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत करीब 10 से 15 दिन पहले हो चुकी है। शव काफी हद तक सड़-गल चुका है, जिससे पहचान कर पाना कठिन हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। उसकी लंबाई करीब पांच फीट बताई जा रही है। मृतक ने सफेद रंग की शर्ट, नीले रंग की जैकेट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का मानना है कि युवक संभवतः शराब के नशे में निर्माणाधीन मकान में प्रवेश कर गया होगा और खुले सेफ्टी टैंक में गिरने से उसकी मौत हो गई होगी।

हालांकि, पुलिस ने हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच सभी एंगल से की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments