हरिद्वार: जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां हैंडपंप लगाने के लिए कुआं खोदने के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति मिट्टी के मलबे में दब गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कांगड़ी ग्राम पंचायत में यह हादसा उस समय हुआ, जब गांव निवासी मनोहर (पुत्र पूर्ण सिंह) अपने घर के पास हैंडपंप लगाने के लिए कुआं खुदवा रहे थे। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग करीब 25 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर पाइप फिट करने का कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक ऊपर से भारी मात्रा में मिट्टी की ढांग भरभरा कर नीचे गिर गई, जिससे बुजुर्ग पूरी तरह मलबे में दब गए। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाकर अन्य लोगों को बुलाया।
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से लगातार मलबा हटाने का कार्य जारी है। प्रशासन की टीम बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
फिलहाल मौके पर राहत कार्य तेजी से चल रहा है और पूरे गांव की निगाहें इस अभियान पर टिकी हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।