नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वर्ष 2027 में हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों और गंगा संरक्षण से जुड़ी नमामि गंगे परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुंभ मेला 2027 को सफल, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय दृष्टि से सतत बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत प्रस्तावित 408.82 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक चलने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और अविरलता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 253 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी देने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत राज्य को अतिरिक्त धनराशि जारी करने तथा इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल नहर और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का भी अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के पूरा होने से सिंचाई के लिए लगभग 665 क्यूसेक अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा।
इन परियोजनाओं से करीब 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है, वहीं क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान में भी यह योजनाएं महत्वपूर्ण साबित होंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक रूप दिया जाएगा। साथ ही गंगा संरक्षण के राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक मजबूती मिलेगी।