Tuesday, February 24, 2026
Homeउत्तराखंडहरिद्वार कुंभ मेला 2027: जनवरी से अप्रैल तक होगा आयोजन, केंद्र ने...

हरिद्वार कुंभ मेला 2027: जनवरी से अप्रैल तक होगा आयोजन, केंद्र ने उत्तराखंड को दिए 500 करोड़

हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेला को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन जनवरी से अप्रैल 2027 तक चलेगा। कुंभ मेला को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है।

केंद्र से मिली इस राशि से कुंभ मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अवस्थापना विकास कार्य किए जाएंगे। इसमें गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण, सड़क एवं यातायात व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य है कि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला 2027 के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। केंद्र सरकार की यह सहायता कुंभ मेला 2027 को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और राज्य के विकास में केंद्र सरकार का सहयोग निरंतर मिलता रहा है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल और हवाई कनेक्टिविटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के माध्यम से उत्तराखंड को नई गति मिली है।

सीएम धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक आयोजन के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्यों के माध्यम से दिव्य और भव्य कुंभ मेला आयोजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments