Tuesday, February 17, 2026
Homeउत्तराखंडहरिद्वार में ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’: सीएम धामी ने जनता से किया...

हरिद्वार में ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’: सीएम धामी ने जनता से किया सीधा संवाद, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र के आर्यनगर में आयोजित ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’ कार्यक्रम में शिरकत कर जनता से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उद्देश्य शासन और आम जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार चाहती है कि समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं जनता तक पहुंचे और उनकी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करे।

अभियान से लाखों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 17 दिसंबर 2025 से शुरू हुए इस अभियान के तहत प्रदेशभर में शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक पांच लाख से अधिक लोग इन शिविरों से लाभान्वित हो चुके हैं। बड़ी संख्या में शिकायतों का निस्तारण स्थल पर ही किया गया है, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।

चारधाम यात्रा और कुंभ की तैयारियों पर फोकस

सीएम धामी ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके साथ ही वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर भी सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और उत्तराखंड को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं विकासशील राज्य के रूप में आगे बढ़ाना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments