Thursday, October 8, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधहरिद्वार में बाघ के शिकार का खुलासा, एक वन गुज्जर गिरफ्तार; दूसरे...

हरिद्वार में बाघ के शिकार का खुलासा, एक वन गुज्जर गिरफ्तार; दूसरे आरोपी की तलाश जारी

हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में बाघ के शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक वन गुज्जर को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की टीम लगातार दबिश दे रही है। मामला श्यामपुर रेंज के सजनपुर बीट क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज अंतर्गत सजनपुर बीट में वन विभाग द्वारा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग दो वर्ष आयु के एक नर बाघ का शव बरामद हुआ। वन अधिकारियों के मुताबिक बाघ के चारों पैर काटे गए थे, जबकि उसकी खाल और दांत सुरक्षित पाए गए।

वन विभाग को क्षेत्र में रह रहे वन गुज्जरों की गतिविधियों पर पहले से संदेह था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जब टीम ने तलाशी अभियान चलाया तो घटनास्थल से एक मृत भैंस का शव भी बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बाघ को विषाक्त पदार्थ देकर मारा गया और बाद में उसके पैर काट दिए गए।

खाल और दांत निकालने की थी तैयारी

वन विभाग की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी रात के समय बाघ की खाल उतारने और दांत निकालने की योजना बना रहे थे। हालांकि वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपियों की योजना पूरी नहीं हो सकी और टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

इस मामले में आरोपी आलम उर्फ फम्मी पुत्र शमशेर निवासी गुज्जर डेरा, श्यामपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दूसरा आरोपी आमिर हमजा उर्फ मियां पुत्र मायी निवासी गुज्जर डेरा, श्यामपुर कम्पार्टमेंट संख्या-03 मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

वन विभाग ने बाघ के शव को कब्जे में लेकर एनटीसीए (नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी) प्रोटोकॉल के तहत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इस कार्रवाई में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, एसडीओ पूनम कैंथोला, रेंजर विनय राठी तथा वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी अमित ध्यानी समेत वन विभाग की टीम शामिल रही।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments