हरिद्वार: जनपद के श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र में एक ग्रामीण की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पत्नी ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए पहले शराब में नींद की गोली मिलाकर पति को बेहोश किया गया और फिर तकिये से उसका मुंह दबाकर उसकी जान ले ली गई।
घटना श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाहड़पुर की है। यहां दो अप्रैल को बबलू नामक ग्रामीण अपने घर के कमरे में मृत पाया गया था। उस समय उसकी पत्नी पूजा अपनी नाबालिग बेटी के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस को सूचना दी कि उसके पति ने शराब के नशे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर मनोहर सिंह भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
इसी बीच मृतक के भाई राजू ने पूजा, उसकी नाबालिग बेटी और बिजनौर के कोहरपुर मंडावर निवासी मोंटी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
बेटे के बयान से खुला राज
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मृतक के बच्चों से पूछताछ की। इस दौरान मृतक के बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर पिता की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। बेटे के बयान के बाद पुलिस ने दोनों से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाउच, शराब पीने के लिए इस्तेमाल किया गया स्टील का गिलास, दुपट्टे और तकिया बरामद कर लिया है।
अवैध संबंध के चलते रची गई साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका बिजनौर निवासी मोंटी के साथ प्रेम संबंध था। वहीं उसकी नाबालिग बेटी का भी एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी होने के बाद बबलू अक्सर शराब के नशे में दोनों के साथ मारपीट करता था।
लगातार हो रहे झगड़ों से परेशान होकर मां-बेटी ने मिलकर बबलू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। एक अप्रैल की रात महिला ने पति को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिला दी। जब वह सो गया तो दोनों ने दुपट्टों से उसके हाथ-पैर बांध दिए और तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके मुंह में सल्फास का घोल डाल दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो। इसके बाद कमरे को बंद कर दिया गया।
अगली सुबह महिला ने कहानी गढ़ते हुए पुलिस को बताया कि उसका पति रात में झगड़ा करने के बाद कहीं चला गया था और बाद में घर लौटकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
महिला गिरफ्तार, बेटी बाल संप्रेक्षण गृह भेजी
मायापुर स्थित कार्यालय में शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं नाबालिग बेटी को न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में महिला के प्रेमी मोंटी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।