Friday, October 23, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्‍तर प्रदेशIIT BHU को ऑल इंडिया यूजी इनोवेशन मीट में पहला स्थान, कम...

IIT BHU को ऑल इंडिया यूजी इनोवेशन मीट में पहला स्थान, कम लागत की माइक्रो-इमेजिंग डिवाइस से रचा कीर्तिमान

वाराणसी।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बीएचयू ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ऑल इंडिया यूजी इनोवेशन मीट 2026 में प्रथम स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। आईआईटी हैदराबाद में आयोजित इंटर-आईआईटी यूजी इनोवेशन मीट (RISE@IITs 2026) में आईआईटी बीएचयू के छात्रों द्वारा विकसित कम लागत की हैंडहेल्ड माइक्रो-इमेजिंग डिवाइस को सर्वश्रेष्ठ नवाचार चुना गया।

प्रतियोगिता में विजेता टीम के सदस्य अर्क्य ज्योति घोष और सुप्रतीम महापात्रा को उनके अभिनव प्रोजेक्ट के लिए राइज@आईआईटीज सम्मान, विजेता शील्ड और पांच लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। यह अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीक आईआईटी बीएचयू के स्कूल ऑफ बायोकेमिकल इंजीनियरिंग की प्रयोगशाला में विकसित की गई है।

डॉ. प्रांजल चंद्रा के मार्गदर्शन में तैयार की गई यह हैंडहेल्ड माइक्रो-इमेजिंग डिवाइस एक कम लागत और पोर्टेबल माइक्रोस्कोपी समाधान है। यह तकनीक कैंसर कोशिकाओं के अध्ययन में उपयोगी होने के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों, फील्ड रिसर्च और संसाधन-सीमित डायग्नोस्टिक केंद्रों में सटीक इमेजिंग की सुविधा प्रदान करेगी। इस नवाचार के लिए वर्ष 2025 में पेटेंट भी फाइल किया जा चुका है।

कड़ी प्रतिस्पर्धा में मिली सफलता

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न आईआईटी से 100 से अधिक नवाचारी प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। कड़े मूल्यांकन के बाद 26 प्रोजेक्ट्स को आईआईटी हैदराबाद में लाइव डेमॉन्स्ट्रेशन के लिए चुना गया। इनमें से आईआईटी बीएचयू का यह प्रोजेक्ट शीर्ष छह में शामिल हुआ और अंततः पहला स्थान हासिल करने में सफल रहा।

निदेशक ने जताया गर्व

आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने इस उपलब्धि को संस्थान की नवाचार-संस्कृति और व्यावहारिक अनुसंधान का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता युवाओं को वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करने और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में आईआईटी बीएचयू की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments