जौलीग्रांट समाचार:
जौलीग्रांट के थानो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हनुमान चालीसा पाठ को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। मस्जिद के सामने स्थित एक मंदिर में हनुमान चालीसा पढ़ने की मांग को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों के लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में विवाद की स्थिति पैदा हो गई। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया और थानो चौक पर बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि थानो क्षेत्र में स्थित मस्जिद अवैध है और उसका नक्शा संबंधित विभागों से पास नहीं कराया गया है। संगठनों का यह भी कहना है कि मस्जिद परिसर में संचालित मदरसा न तो वक्फ बोर्ड में पंजीकृत है और न ही उत्तराखंड सरकार में इसका कोई पंजीकरण है। स्थानीय लोगों द्वारा पहले भी इस कथित अवैध मस्जिद की शिकायत प्रशासन और एमडीडीए से की गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में मस्जिद के एक हिस्से को सील किया था।
शुक्रवार को हिंदू संगठनों के लोग मस्जिद के पास स्थित मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ करने की जिद पर अड़े रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर स्पष्ट किया कि मस्जिद के समीप धार्मिक पाठ से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है, इसलिए फिलहाल वहां किसी भी तरह की गतिविधि की अनुमति नहीं दी जा सकती।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं, हिंदू संगठनों के लोग थानो चौक पर बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ की अनुमति देने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती बनी हुई है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।