उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज उत्तराखंड पहुंचे। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया।
भाजपा ने आज जौलीग्रांट स्थित एक होटल में कोर कमेटी की अहम बैठक बुलाई है, जिसकी अध्यक्षता जेपी नड्डा करेंगे। बैठक में मुख्य रूप से आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति तय की जाएगी। पार्टी का लक्ष्य एक बार फिर प्रदेश में सत्ता में वापसी करते हुए जीत की हैट्रिक लगाना है।
कोर कमेटी की बैठक में चुनावी एजेंडे, प्रचार की दिशा और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तृत चर्चा होगी। विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी की रणनीति क्या होगी, किन मुद्दों को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी और कार्यकर्ताओं की भूमिका कैसे और प्रभावी बनाई जाएगी, इन सभी बिंदुओं पर मंथन किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में प्रदेशभर में कराए गए पहले चरण के सर्वे रिपोर्ट पर भी बैठक में चर्चा होगी। इसके आधार पर यह आकलन किया जाएगा कि किन विधानसभा सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत है और किन क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रयास की जरूरत है। साथ ही मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन और संगठन की जमीनी स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सभी विधायक और मंत्री अपनी-अपनी सीटों पर ही आगामी चुनाव की तैयारी करेंगे। पार्टी नेतृत्व का साफ संदेश है कि किसी भी विधायक की सीट में बदलाव नहीं किया जाएगा और सभी को अपने क्षेत्र में मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा।
कुल मिलाकर, यह कोर कमेटी बैठक भारतीय जनता पार्टी के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, जिसमें उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की पूरी चुनावी रणनीति और रोडमैप तय किया जाएगा।