Friday, April 3, 2026
Homeउत्तराखंडकेदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी तैयारी, 200 स्वास्थ्य...

केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी तैयारी, 200 स्वास्थ्य कर्मी तैनात, 12 एंबुलेंस रहेंगी हर वक्त उपलब्ध

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करीब 200 स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 12 एंबुलेंस चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी। श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन सिलिंडर और पोर्टेबल ऑक्सीजन की भी व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गौरीकुंड से केदारपुरी तक पैदल यात्रा मार्ग पर प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल राहत केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें सोनप्रयाग, भीमबली, जंगलचट्टी और लिनचोली जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। इसके अलावा गौरीकुंड और केदारनाथ में भी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां तीर्थयात्रियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग और आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार तैनात रहेगी। इस टीम में 30 चिकित्सक, 25 फार्मासिस्ट और 30 से अधिक नर्सिंग व सहायक स्टाफ शामिल हैं। सभी को अलग-अलग पड़ावों और स्वास्थ्य केंद्रों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग के अधिकारी प्रमुख पड़ावों पर 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएंगे।

हर दो किलोमीटर पर मेडिकल सहायता इकाई

स्वास्थ्य विभाग ने तीर्थयात्रियों की सुविधा को देखते हुए सोनप्रयाग से केदारनाथ तक पैदल मार्ग पर लगभग हर दो किलोमीटर के अंतराल पर मेडिकल सहायता इकाई (एमआरपी) स्थापित की है। इन इकाइयों को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी और फाटा के स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़ा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।

यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग, चौरी, चिरबासा, जंगल चट्टी, भीमबली, रामबाड़ा, छोटी लिनचोली, बड़ी लिनचोली, भैरव ग्लेशियर, रुद्रा पॉइंट और बेस कैंप जैसे स्थानों पर एमआरपी सेंटर स्थापित किए गए हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं को किया गया और मजबूत

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान हर तीर्थयात्री और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत किया गया है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज और अन्य जनपदों से भी अतिरिक्त चिकित्साधिकारी तैनात किए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर तैनात स्वास्थ्य टीमें लगातार निगरानी रखेंगी और जरूरत पड़ने पर तीर्थयात्रियों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments