Friday, May 22, 2026
Homeअपराधकेदारनाथ यात्रा मार्ग पर 1.08 किलो चरस के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार,...

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर 1.08 किलो चरस के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार, यात्रा में बेचने की थी तैयारी

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस को केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ी सफलता मिली है। गौरीकुंड क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक नेपाली युवक को 1.080 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ सोनप्रयाग कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार एसपी निहारिका तोमर के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गौरीकुंड चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम यात्रा मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.080 किलोग्राम चरस बरामद हुई। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.16 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी मिला, जिसमें भारतीय और नेपाली दोनों सिम कार्ड सक्रिय पाए गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6,070 भारतीय रुपये और 450 नेपाली रुपये भी बरामद किए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चरस नेपाल से लेकर आया था और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर इसे ऊंचे दामों में बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान हस्त बहादुर शाही (37 वर्ष) पुत्र निवासी ग्राम पालिका रास्कोट वार्ड नंबर-5, जिला कालीकोट, कर्णाली प्रदेश, नेपाल हाल निवासी गौरीकुंड के रूप में की है।

सोनप्रयाग कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments