Wednesday, June 10, 2026
Homeअपराधखटीमा में बड़ी चोरी का खुलासा: हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश गिरफ्तार, 300...

खटीमा में बड़ी चोरी का खुलासा: हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश गिरफ्तार, 300 CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने दबोचा

खटीमा। मुख्य बाजार क्षेत्र में व्यापार मंडल अध्यक्ष सहित तीन व्यापारियों की दुकानों में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का खटीमा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक ए-श्रेणी के हिस्ट्रीशीटर अपराधी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, मोबाइल फोन, ब्लैंक चेक और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दबिश देनी पड़ी और करीब 250 से 300 सीसीटीवी फुटेज खंगालने पड़े।

शनिवार को खटीमा कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) नीरज सेमवाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 18 मई की रात व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, नितिन बत्रा और संजय बत्रा की दुकानों में सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच शुरू की थी।

300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग

पुलिस टीमों ने घटना के खुलासे के लिए उत्तर प्रदेश के न्यूरिया, बरखेड़ा, पीलीभीत, बदायूं और जयपुर क्षेत्र तक दबिश दी। इस दौरान करीब 250 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया।

सीओ ने बताया कि जांच के दौरान घटना वाली रात दो संदिग्ध युवक रेलवे स्टेशन खटीमा की दिशा से घटनास्थल की ओर जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज में दोनों युवकों को दुकानों की छतों पर चढ़ते और उतरते हुए भी देखा गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी आरोपियों की पहचान और तलाश की।

रेलवे पटरी के पास से दबोचे गए आरोपी

लगातार निगरानी और दबिश के बाद शुक्रवार रात पुलिस ने खटीमा मंडी के पीछे रेलवे पटरी के किनारे से दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान जैनुल आवेदीन निवासी न्यूरिया हुसैनपुर, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) तथा प्रवेश सक्सेना निवासी बरखेड़ा, बीसलपुर, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई।

पुलिस ने उनके कब्जे से 3 लाख 29 हजार 700 रुपये नकद, लगभग 20 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन, चार ब्लैंक चेक तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की शेष रकम उन्होंने ऑनलाइन गेम खेलने, नशे और घूमने-फिरने में खर्च कर दी।

मुख्य आरोपी निकला ए-श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर

सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जैनुल आवेदीन न्यूरिया थाने का ए-श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ न्यूरिया, सुनगढ़ी और खटीमा थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं दूसरे आरोपी प्रवेश सक्सेना के खिलाफ भी खटीमा थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में खटीमा कोतवाल विजेंद्र शाह, एसएसआई केसी आर्या, एसआई अशोक कांडपाल, एसआई जीवन चुफाल, भूपेंद्र रंसवाल, विजय सिंह, मोहन बोरा, मोहम्मद इशाक, ललित सिंह, कमल पाल, मोहसिन और भूपेंद्र आर्या सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments