Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तराखंडकोटद्वार में फिर तनाव: वायरल वीडियो से मची हलचल, हिंदू रक्षा दल...

कोटद्वार में फिर तनाव: वायरल वीडियो से मची हलचल, हिंदू रक्षा दल ने दीपक कुमार के विरोध का किया एलान

कोटद्वार।
दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद शांत हो रहे कोटद्वार में एक बार फिर माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने शहर में हलचल मचा दी है। इस वीडियो में हिंदू रक्षा दल ने जिम संचालक दीपक कुमार के विरोध में गुरुवार को कोटद्वार पहुंचने का एलान किया है। वीडियो सामने आते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है और सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, हालिया विवाद के बाद कोटद्वार में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही थी, लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर तनाव की आशंका बढ़ा दी है। वीडियो में हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं से कोटद्वार पहुंचने का आह्वान करते नजर आ रहे हैं। संगठन का दावा है कि संबंधित व्यक्ति समाज को विभाजित करने का प्रयास कर रहा है, जिसका विरोध किया जाएगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बाहरी लोगों की आवाजाही पर नजर कड़ी कर दी है। उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

एएसपी कोटद्वार चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि यूपी से सटी सीमाओं पर रोजाना रूटीन चेकिंग की जा रही है और वायरल वीडियो के बाद चौकसी और बढ़ा दी गई है। उन्होंने आम जनता से शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही भड़काऊ और समाज विरोधी सामग्री के प्रसार से बचने का भी आग्रह किया गया है।

वहीं, पूर्व सैनिकों समेत कई स्थानीय संगठनों ने भी बाहरी तत्वों द्वारा कोटद्वार आकर माहौल खराब करने की कोशिशों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठनों का कहना है कि शहर की शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया जाना चाहिए।

फिलहाल पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments