Thursday, October 29, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डमलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई ग्रामीण सड़कें बंद रही

मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई ग्रामीण सड़कें बंद रही

अल्मोड़ा। जिले में झमाझम बारिश से कई सड़कों में मलबा आ गया है। एक राष्ट्रीय राजमार्ग और कई ग्रामीण सड़कें में कुछ देर के लिए यातायात ठप रहा। बारिश से तापमान लुढ़क गया। जेठ के महीने में लोगों के स्वेटर, जैकेट निकल गए। अल्मोड़ा की माल रोड समेत कई सड़कों में बने गड्ढ़ों में पानी भर गया। नालियों में पानी की निकासी न होने से गंदा पानी सड़क में बहा। तीन दिनों में 30.4 एमएम बारिश हुई। भिकियासैंण में क्षेत्र में 12 घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति ठप रही। सोमवार तड़के से बारिश शुरू हुई फिर बारिश ने गति पकड़ ली। शाम करीब चार बजे तक रुक-रुक कर बारिश होते रही। बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ समेत गनियाद्योली-पाली बमस्यूं, दन्यां-आरासल्पड़, चौसला-चीड़, जलाल बैंड के समीप मलबा आ गया, जिससे मोटर मार्ग कुछ घंटे बंद रहे। बाद में ग्रामीणों की सूचना मिलने प्रशासन की ओर से टीमें मौके पर भेजी गई और मार्ग को खुलवाया।
नगर के माल रोड में सार्वजनिक शौचालय के समीप, आर्य समाज मंदिर के निकट, पशु अस्पताल के समीप तिराहे पर सड़कों में बने गड्ढ़ों में पानी भर गया। इससे आवाजाही के दौरान लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अल्मोड़ा में 17 मई को तीन एमएम, 19 मई को 10 एमएम, 22 मई को 8.4 एमएम, 23 मई को 9 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस था।
खरीफ सीजन में बोई जाने वाली फसलों को मिली संजीवनी
अल्मोड़ा। कृषि और भूमि संरक्षण अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि हालिया बारिश खरीफ सीजन में बोई जाने वाली फसलों के लिए संजीवनी का काम करेगी। बारिश से खेतों में मिट्टी को नमी मिल गई है। जिससे फसलों का जमाव अच्छा होगा और फसलों की बढ़वार भी अच्छी रहेगी। उन्होंने बताया कि मडुआ, धान, गहत, मादिरा आदि फसलों के लिए मौसम अनुकूल है। क्योंकि बारिश से खेतों में नमी है। इस समय फसलों की बुआई करने पर इनका जमाव अच्छा रहेगा। खेतों में नमी होने से फसलों की बढ़वार भी अच्छी होगी। किसान फसलों की बुआई कर सकते हैं। अभी बुआई करने पर खेतों में नमी होने की वजह से जमाव भी अच्छा रहेगा। खास कर असिंचित क्षेत्र के किसानों के लिए तो ये बारिश काफी राहत भरी है।
चार दिनों से बंद पड़ा है रानीधारा मोटर मार्ग
अल्मोड़ा। रानीधारा मोटर मार्ग में एक स्कूल के समीप सड़क की सुरक्षा दीवार ध्वस्त होने से मार्ग चार दिनों से बंद पड़ा है। इससे आवाजाही में लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने मोटर मार्ग का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सुधारीकरण कार्य जल्द करने के निर्देश दिए। पर अब तक मार्ग खुल नहीं पाया है। पालिकाध्यक्ष ने डीएम से भी मार्ग को जल्द खुलवाने का अनुरोध किया है ताकि मार्ग से आने जाने वाले लोगों को परेशानियों से न जूझना पड़े।
पातलीबगड़-कौसानी मोटर मार्ग बना तलैया
सोमेश्वर। बारिश से पातलीबगड़-कौसानी मोटर मार्ग की पोल खोल कर रख दी। डामर उखड़ने से सड़क में कई स्थानों पर गड्ढ़े बने हैं। बारिश होने पर गड्ढ़ों में पानी भर गया है। पर्यटन सीजन में पर्यटक भी इस सड़क से आवाजाही करते हैं। बदहाल सड़क से सफर करने पर लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments